दानगंज (वाराणसी)। आपराधिक घटनाओं पर अंकुश न लगा पाने के कारण चोलापुर थाने के थानेदार बदल गए लेकिन चोरियों का सिलसिला थम नहीं रहा है। इसी कड़ी में शुक्रवार की रात चोरों ने अजगरा गांव स्थित मंदिर से ठाकुर जी की अष्टधातु की प्राचीन मूर्ति चुराकर पुलिस को चुनौती दी। शनिवार को ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस मौका मुआयना कर वापस लौट गई। मंदिर से अति प्राचीन मूर्ति चोरी होने से ग्रामीणों में खासा गुस्सा है।
अजगरा ग्राम प्रधान पति सुशील पांडेय ने बताया कि ठाकुर जी की मूर्ति काफी पुरानी थी और उसका वजन लगभग 20 से 25 किलोग्राम था। वहीं, ग्रामीणों का कहना था कि पुलिस यदि गश्त पर गंभीरता से ध्यान देती तो ऐसी नौबत नहीं आती। बीते एक महीने से चोरों ने पूरे चोलापुर क्षेत्र के ग्रामीणों का जीना मुहाल कर दिया है लेकिन पुलिस की लापरवाह कार्यशैली में सुधार आता नहीं दिख रहा है। ग्रामीणों ने चेताया है कि यदि मूर्ति जल्द बरामद नहीं हुई तो सभी सड़क पर उतरने को बाध्य होंगे।