सेवापुरी। विकास खंड क्षेत्र के ग्राम पंचायत खरगूपुर में शौचालय निर्माण में आने वाले खर्च की मजदूरी का भुगतान न किए जाने पर लाभार्थी भड़क उठे है। शनिवार को प्रधान के खिलाफ हंगामा करते हुए कमीशन खोरी का आरोप लगाकर बीडीओ को पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। बीडीओ ने इस मामले की जांच एडीओ पंचायत को सौंपी है।
खरगूपुर की ग्राम प्रधान विनीता पटेल के प्रतिनिधि मनबास पटेल ने गांव के अनिल वर्मा व सुनील वर्मा को दो दिन पूर्व शौचालय का निर्माण करवाने के लिए चार गड्ढे की खुदाई उन्ही से करवाया था। लाभार्थी ने जब खुदाई की मजदूरी मांगा तो प्रधान प्रतिनिधि ने कहा कि शौचालय निर्माण में मजदूरी पर जो भी खर्च आएगा उसका भुगतान स्वयं लाभार्थी करेंगे। इस पर लाभार्थी भड़क उठे। लोगों ने हंगामा करते हुए शौचालय निर्माण को रोक दिया। शिकायतकर्ता अनिल वर्मा ने बीडीओ को पत्र देकर आरोप लगाया कि शौचालय निर्माण के लिए प्रधान प्रतिनिधि 700 सेम ईट, 3 बोरी सीमेंट, 25 फिट बालू देकर निर्माण में मजदूरी पर आने वाले खर्च का भुगतान लाभार्थियों से करा रहे हैं। आरोप है कि प्रधान प्रतिनिधि अपने करीबी के यहां बनने वाले शौचालय के दो गड्ढे सात-सात फिट का खुदवाया है जो मानक के विपरीत है। ग्राम पंचायत अधिकारी विजय कुमार कन्नौजिया ने बताया कि शौचालय के निर्माण पर मजदूरी में आने वाले खर्च का भुगतान लाभार्थी नहीं बल्कि प्रधान करेंगे। उन्होंने बताया कि शौचालय का गड्ढा चार फिट चौड़ा व चार फिट गहरा से ज्यादा नहीं होगा। इस बारे में खंड विकास अधिकारी सुरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि प्रधान के खिलाफ एडीओ पंचायत को जांच सौपी गई है। रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई होगी।