वाराणसी। कनाडा का दस सदस्यीय संसदीय प्रतिनिधिमंडल चार या पांच जनवरी को काशी में सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलेगा। बैठक में प्रदेश और काशी में कनाडा सरकार के पूंजी निवेश पर भी चर्चा होगी। यह प्रतिनिधिमंडल इसी महीने आगरा में प्रस्तावित इन्वेस्टर मीट में भाग लेगा।
संसदीय दल ने सीएम से मिलने के लिए समय मांगा था। सीएम की ओर से वाराणसी में मिलने का समय दिया गया है। कनाडा में भारत के राजदूत विकास स्वरूप ने भी इस संबंध में उच्चाधिकारियों से वार्ता की है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ चार जनवरी की शाम आजमगढ़ से वाराणसी आ सकते हैं। वे पांच जनवरी की शाम लखनऊ जाएंगे। इसी दौरान उनकी संसदीय दल से वार्ता होगी। प्रतिनिधिमंडल में कनाडा के दो सांसद भारतीय मूल के हैं।
इस दौरान मुख्यमंत्री स्थानीय विकास कार्यों का निरीक्षण करने के साथ ही विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे। पीएम नरेंद्र मोदी के आगमन से पूर्व मुख्यमंत्री का दौरा विकास कार्यों के मद्देनजर महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
पीएम के भी इसी महीने काशी आगमन का कार्यक्रम है। स्थानीय मंत्री और विधायकों के फीडबैक के आधार पर प्रधानमंत्री अपनी मौजूदगी में काशीवासियों को कुछ नई परियोजनाओं की सौगात दे सकते हैं। विधि, खेल, सूचना राज्यमंत्री डॉ. नीलकंठ तिवारी शनिवार की देर शाम लखनऊ से वाराणसी पहुंचे। सीएम के कार्यक्रम को लेकर वह रविवार को भाजपा पदाधिकारियों और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे।