सेवापुरी। जंसा थाना अंतर्गत पुरंदरपुर स्थित नई कॉलोनी में हुई साधु की हत्या के मामले में पुलिस ने हत्यारोपी मन्नू पासी और उसकी पत्नी राधिका को शनिवार को जेल भेज दिया। पुलिस के अनुसार साधु और राधिका के बीच बीते तीन साल से विवाहेतर संबंध थे। बुधवार की रात साधु ने ऐसी ही कोशिश राधिका की बेटी के साथ की तो दंपति ने विरोध जताया। नहीं मानने पर दंपति ने पीट-पीटकर साधु को मार डाला और शव को घर के आंगन में बने शौचालय के गड्ढे में डालकर मिट्टी से पाट दिया।
पंजाब के लुधियाना निवासी साधु राजेंद्र दास उर्फ डॉ. चौहान पंचगंगा घाट स्थित श्रीमठ में रहते थे। बुधवार की रात मन्नू के घर साधु आए थे। वो विगत चार वर्ष से मन्नू के घर आते थे और उसकी आर्थिक मदद करते थे। पुलिस के अनुसार इस दौरान साधु और मन्नू की बीवी नजदीक आ गए थे। बुधवार की रात साधु ने राधिका की बेटी से अवैध संबंध बनाने की तो उसके मां-बाप ने विरोध जताया। इस पर साधु ने दोनों को कहा कि वो पूरे परिवार का खर्च चलाते हैं और अर्दब में लेने की कोशिश की। मगर, दंपति नहीं माने और साधु की पिटाई शुरू कर दिए। पिटाई में गंभीर रूप से घायल हुए साधु की मौके पर ही मौत हो गई। इस संबंध में सीओ सदर अंकिता सिंह ने बताया कि साधु ने मन्नू की बेटी से अवैध संबंध स्थापित करने की कोशिश की। इसी के विरोध में दंपति ने उसे पीट-पीटकर मार डाला। जिन्होंने भी मन्नू की मदद की उनकी भी तलाश की जा रही है।