वाराणसी। जिले में खाने की हो रही बर्बादी को रोकने और उससे भूखे रहने वालों की मदद करने के उद्देश्य से युवाओं की ओर से चलाया जा रहा रोटी बैंक का दायरा अब बढ़ता जा रहा है। ऑल इंडिया रोटी बैंक ट्रस्ट की स्थापना के बाद अब इसकी वेबसाइट बनाने की तैयारी चल रही है, जिससे कि अधिक से अधिक लोग इस अभियान से जुड़ सके।
भूखमरी के शिकार लोगों की मदद करना और खाने को बर्बाद होने से बचाने की मुहिम सामनेघाट में रहने वाले कुछ युवाओं ने सात महीने पहले शुरू की। धीरे-धीरे इस मुहिम के साथ लोग जुड़ते गए और सदस्यों की संख्या भी बढ़ गई है। संस्थापक किशोरकांत तिवारी, रोशन पटेल, सरदार मंजीत सिंह, शिवांशु दूबे, आशीष सिंह ने बताया कि ट्रस्ट का दायरा बढ़ाया जाए और अधिक से अधिक लोगों तक खाना पहुंचाया जाए, इसके लिए वेबसाइट बनाने का काम शुरू हो गया है। इसके बाद संस्था से अधिक से अधिक लोग जुड़ सकेंगे।