वाराणसी। कालीन निर्यात संवर्धन परिषद की ओर से जगतगंज स्थित संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के परिसर में चार दिवसीय कारपेट एक्सपो मंगलवार से शुरू होगा। इसमें दुनिया के 58 देशों के खरीदार शामिल होंगे। 34वें भारतीय कालीन एक्सपो के तहत वाराणसी में होने वाला यह 13वां आयोजन है। इसका समापन 13 अक्तूबर को होगा। यह जानकारी सोमवार को कैंटोनमेंट स्थित एक होटल में कालीन निर्यात संवर्धन परिषद के चेयरमैन महावीर प्रताप शर्मा ने दी।
उन्होंने कहा कि एक्सपो में 353 देशी-विदेशी बायर शामिल होंगे। इसका उद्घाटन कपड़ा राज्यमंत्री अजय टमटा करेंगे। विकास आयुक्त हथकरघा शांतमनु भी मौजूद होंगे। उन्होंने कहा कि हस्तनिर्मित कालीन और सांस्कृतिक विरासत एवं बुनाई कौशल को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इसका आयोजन किया जा रहा है। इसमें आस्ट्रेलिया, ब्राजील, कनाड़ा, चीन, चिली, डेनमार्क, फ्रांस, जर्मनी, ईरान, इटली, जापान, यूके और अमेरिका सहित कई देश शामिल हो रहे हैं। सोमवार को ट्रेड फैसिलिटी सेंटर पर बायर्स के साथ एक कार्यक्रम रखा गया है जिसमें उन्हें भारतीय कालीन के बार में जानकारी दी जाएगी।