फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पूछत दीनदयाल को धाम, बतावत आपन नाम सुदामा...

विज्ञापन
विज्ञापन
ाराणसी। द्वारपाल के मुख से ‘पूछत दीनदयाल को धाम, बतावत आपन नाम सुदामा...’ सुनते ही द्वारिकाधीश भगवान कृष्ण नंगे पांव मित्र सुदामा की अगवानी करने दौड़ पड़े। मित्र के प्रति यह लगाव देखकर उपस्थित जन समुदाय वृंदावन बिहारी लाल की जय-जयकार करने लगा। मौका था सोमवार को भेलूपुर स्थित इस्कान मंदिर में भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव पर सुदामा चरित के मंचन का।
विज्ञापन

ब्रज की धरती से नंदो जी महाराज के नेतृत्व में पधारे 25 कलाकारों ने अपने अभिनय से दर्शकों को बांध लिया। उन्होंने भगवान कृष्ण और सुदामा की मित्रता को मंच पर जीवंत किया तो उपस्थित जनसमुदाय की आंखें सजल हो उठीं। श्रीकृष्ण ने अपने सिंहासन पर सुदामा को बैठाकर उनके पांव पखारे। सुदामा की दरिद्रता और भगवान श्रीकृष्ण का अपने मित्र के प्रति भाव देखकर सभी मंत्रमुग्ध हो गए। भगवान ने कहा कि मेरे भक्त जिसके पास प्रेम का धन है, वह निर्धन नहीं हो सकता। इसके उपरांत कलाकारों ने भजनों की धुन पर मयूर नृत्य की शानदार प्रस्तुति से सभी को झूमने पर विवश कर दिया।
इस्कान मंदिर में भगवान के विग्रह का शृंगार पुजारी साधुदास ने किया। इसके उपरांत शाम को छह बजे कीर्तन-भजन के साथ कार्यक्रम का आगाज हुआ। तत्पश्चात राधारंजन ने भागवत कथा पर प्रवचन किया। उन्होंने कहा कि श्रद्धा के बिना भक्ति नहीं होती। श्रीकृष्ण को सत्य के नाम से पुकारा गया है। जहां सत्य होता है, वहीं भगवान का जन्म होता है। परमात्मा जिज्ञासा का विषय है परीक्षा का नहीं। वहीं, परिसर में शाम से ही भक्तों के बीच महाप्रसाद का वितरण आरंभ हो गया। इस दौरान अधोक्षज दास, आनंद कृष्ण, जनार्दन दास, रामदास, महायज्ञ प्रभु आदि मौजूद थे।
विज्ञापन


महामना की बगिया में मथुरा, वृंदावन का नजारा
वाराणसी। महामना की बगिया (काशी हिंदू विश्वविद्यालय) में सोमवार को जन्माष्टमी का पर्व धूमधाम से मनाया गया। छात्रावासों में एक से बढ़कर एक आकर्षक झांकियां सजाई गई थीं। देखने वाले यही कहते नजर आए कि मानों काशी में मथुरा-वृंदावन बसा दिए गए हैं। इस दौरान रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति के माध्यम से छात्र-छात्राओं ने कान्हा की लीलाओं का वर्णन किया।
परिसर के त्रिवेणी हॉस्टल, महिला महाविद्यालय, रानी लक्ष्मीबाई, चाणक्य, बिरला छात्रावास, रुइया संस्कृत ब्लॉक, ब्रोचा, सेंट्रल हिंदू ब्वायज, गर्ल्स स्कूल कमच्छा आदि जगहों पर दो दिन से जन्माष्टमी महोत्सव की तैयारियां चल रही थीं। सोमवार को भी छात्र-छात्राएं पूरे दिन झांकियां सजाने में लगे रहे। त्रिवेणी कांपलेक्स में साधना कुमार के नेतृत्व में रंगोली और तेजसी, राधा त्रिपाठी, निधि, प्रियंका यादव, सुप्रिया, अंजली, सोनालिका, शिवांगी, ममता, तनु, रतनप्रिया, रुपाली एवं संध्या आदि ने आकर्षक झांकिया सजाई। यहां महिला वर्ल्ड कप और जीएसटी पर आधारित झांकी आकर्षण का केंद्र रही। उधर, बरकछा कैंपस में भी धूमधाम से जन्मोत्सव मनाया गया। शाम को कुलपति प्रो. गिरीश चंद्र त्रिपाठी ने कुलसचिव डॉ. नीरज त्रिपाठी, छात्र अधिष्ठाता प्रो. एम के सिंह, चीफ प्राक्टर प्रो. ओएन सिंह, प्रो. जेपी राय के साथ छात्रावासों का भ्रमण कर झांकियों का अवलोकन किया और छात्र-छात्राओं के प्रयास की सराहना की। सर्वश्रेष्ठ तीन झांकियों के साथ ही सांत्वना पुरस्कार भी दिया जाएगा।
पुलिस लाइन, थानों और जेल में मनाई गई जन्माष्टमी
वाराणसी । श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व पुलिस लाइन, भुल्लनपुर व रामनगर पीएसी, जिले के सभी थानों और सेंट्रल व जिला जेल में सोमवार की रात धूमधाम से मनाया गया। पुलिस लाइन में मथुरा से आए कलाकारों ने गीत-संगीत की प्रस्तुति से लोगों को झूमने पर विवश कर दिया।
पुलिस लाइन में डीएम योगेश्वर राम मिश्र, एसएसपी आरके भारद्वाज, एसपी सिटी दिनेश सिंह, एसपी ग्रामीण अमित कुमार, एसपी ट्रैफिक सुरेश चंद्र रावत समेत तमाम अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। उधर, थानों पर सजाई गईं झांकियां देखने के लिए क्षेत्रीय लोगों की भीड़ जुटी रही। आधी रात को श्रीकृष्ण का जन्म होने के बाद सभी ने प्रसाद ग्रहण किया। बताते चलें कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने डीजीपी सुलखान सिंह को निर्देशित किया था कि पुलिस परंपरागत तरीके से जन्माष्टमी मनाए। इसलिए अन्य वर्षों की अपेक्षा इस बार जन्माष्टमी को लेकर पुलिस महकमे में खासा उत्साह देखने को मिला।
लड्डू गोपाल की शोभायात्रा निकली
वाराणसी। हरे कृष्ण हरे राम संकीर्तन सोसाइटी की ओर से सोमवार को भगवान श्रीकृष्ण और लड्डू गोपाल की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। वैष्णव परिधान में सजे भक्त नाचते-गाते बैंड बाजे के साथ चल रहे थे। शोभायात्रा में शंखनाद और डमरू बजाने वालों की टोलियां भी चल रही थीं। अन्नपूर्णा नगर कालोनी से निकली शोभायात्रा का सिगरा में भक्तों ने भव्य स्वागत किया। अंत में माहेश्वरी भवन के पास भगवान के विग्रह की आरती उतारी गई। इसके उपरांत राधा गोविंद, श्री जगन्नाथ, बलदेव और सुभद्रा महारानी के विग्रहों को तीन दिनों के लिए स्थापित कर दिया गया। दूसरे चरण में कार्यक्रम का शुभारंभ शाम को 6:30 बजे तुलसी महारानी की आरती से हुआ। चैतन्य महाप्रभु की आरती एवं महामंत्रों के उद्घोष के साथ कीर्तन किया गया।
छात्राओं ने नृत्य में पिरोई मनमोहन की लीला
वाराणसी। आर्य महिला पीजी कालेज में भी श्रीकृष्ण जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ बाल गोपाल के पूजन से हुआ। इसके बाद छात्राओं ने श्रीकृष्ण की मोहक लीलाओं पर आधारित नृत्य की बेहतरीन प्रस्तुतियां दीं। मुख्य अतिथि नार्दन रेलवे के मुख्य स्टेशन प्रबंधक एके पांडेय का स्वागत प्रबंधक डॉ. शशिकांत दीक्षित और सत्यनारायण पांडेय ने किया। संचालन डॉ. जया मिश्रा और धन्यवाद ज्ञापन प्राचार्य प्रो. रचना दूबे ने किया।
-------------------
डीरेका रंगशाला में भोजपुरी गायन आज
वाराणसी। डीरेका की रंगशाला में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव समिति की ओर से जष्माष्टमी महोत्सव आयोजित किया गया। यहां तीन दिन तक कार्यक्रम होंगे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जेएन पांडेय प्रधान वित्त सलाहकार डीरेका होंगे। श्री कृष्ण जन्म उत्सव समिति की ओर से मंगलवार को रंगशाला में रात नौ बजे से भोजपुरी गायन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम होगा। बुधवार को अपराह्न तीन बजे से डीरेका इंटर कॉलेज के पास कुश्ती केंद्र पर दंगल का आयोजन किया गया है। रात नौ बजे से लोकगीत कार्यक्रम होगा। यह जानकारी पूजा समिति के महामंत्री रामप्रवेश यादव ने दिया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें