वाराणसी। बीएचयू के बिड़ला हॉस्टल में मंगलवार रात करीब नौ बजे कुछ छात्रों और वार्डेन डॉ. विक्रम सिंह के बीच नोकझोंक हुई। इस दौरान वार्डेन ने उन्हें पहले समझाने का प्रयास किया लेकिन सूत्रों की माने तो छात्रों ने उनके साथ धक्कामुक्की भी की। उधर चीफ प्राक्टर ने इसकी सूचना लंका पुलिस को दी और हॉस्टल पहुंचकर समझाबुझाकर मामला शांत कराया। बताया कि वार्डेन के साथ दुर्व्यवहार करने वाले छात्र निष्कासित चल रहे हैं।
शाम को महिला महाविद्यालय चौराहे पर हॉस्टल के कुछ छात्रों द्वारा मारपीट की सूचना किसी ने वार्डेन को दी। इसके बाद सुरक्षाधिकारी वहां पहुंचे तो छात्र विरोध में मुख्य द्वार पर हंगामा करने लगे। इसके बाद मामला शांत हो गया था। करीब नौ बजे आधा दर्जन छात्र हॉस्टल पहुंचे, जहां वार्डेन से किसी मामले पर बातचीत कर रहे थे। इस बीच किसी बात को लेकर उनकी वार्डेन के साथ नोंकझोंक भी होने लगी। उधर सूचना पाकर पहुंचे चीफ प्राक्टर ने समझाने का प्रयास किया तो छात्र उल्टे वार्डन पर दुव्यर्वहार का आरोप लगाते हुए उन्हें हटाने की मांग करने लगे। उधर मामला बढ़ता देख पुलिस भी वहां पहुंची। करीब आधे घंटे तक चला हंगामा किसी तरह शांत तो हो गया लेकिन मामले में शिकायत भी की गई है।