गाजीपुर। ताड़ीघाट-बारा मार्ग की खस्ताहाली की वजह से लोगों को असमय अपनी जिंदगी गंवानी पड़ रही है। मार्ग पर मौजूद गड्ढे आवागमन करने वालों के लिए जानलेवा साबित हो रहे हैं। गड्ढे की वजह से गुरुवार को जहां एसएसबी की सिपाही प्रतिभा और उसकी सास पंचरत्नी देवी की मौत हो गई। वहीं इससे पहले भी गड्ढों की वजह से कई की जिंदगी की रफ्तार थम चुकी है। कुछ माह पहले मार्ग के गड्ढे में ट्रक पलटने से उसमें दबकर मासूम की मौत से नाराज लोगों ने थाना के साथ ही कई वाहनों को आग के हवाले कर दिया था।
ताड़ीघाट-बारा मार्ग की हालत वर्षों से खस्ताहाल है। मार्ग की बदहाली का आलम यह है कि इस पर आवागमन करने वालों को एक बार हिम्मत जुटानी पड़ती है। मार्ग पर मौजूद गड्ढों की वजह से वाहनों के पलटने और बाइक सवारों के अनियंत्रित होकर गिरने की घटना आम बात है। एक वर्ष में यह मार्ग एक दर्जन से अधिक लोगों की बलि ले चुका है। बीते आठ फरवरी की देर शाम गहमर थाना के करीब मार्ग पर गड्ढे में एक ट्रक पलट गया था। ट्रक के नीचे दबकर जहां एक मासूम की मौत हो गई थी, वहीं दो लोग घायल हो गए थे। घटना से गुस्साए लोगों ने गहमर थाना, पुलिस जीप के साथ करीब आधा दर्जन वाहनों को आग के हवाले कर दिया था। गुरुवार को गहमर स्थित मां कामाख्या का दर्शन कर गहमर निवासी एसएसबी का सिपाही अपनी मां और पत्नी के साथ बाइक से लौट रहा था। इसी दौरान गंगा घाट जाने वाले मार्ग पर ताड़ीघाट-बारा मार्ग पर काल के रूप में मौजूद गड्ढे में बाइक अनियंत्रित होकर गिर पड़ी। इसी दौरान पीछे से आ रही ट्रक की जद में आने से अनिल की पत्नी प्रतिभा और मां पंचरत्नी देवी की जान चली गई। इस दुर्घटना के बाद उदास मन से लोग यह बातें करते रहे कि पता नहीं ताड़ीघाट-बारा मार्ग अभी कितनों की बलि लेगा।