वाराणसी। सातवें चरण के चुनाव प्रचार के अंतिम दिन शुक्रवार को वाराणसी संसदीय सीट के प्रत्याशियों और प्रतिनिधियों ने प्रेक्षक को व्यय का ब्यौरा सौंपा। नामांकन से लेकर मतदान के दो दिन पहले तक सबसे ज्यादा कांग्रेस प्रत्याशी अजय राय और सबसे कम निर्दलीय प्रत्याशी मनोहर आनंद राव पाटिल ने खर्च किया। पीएम नरेंद्र मोदी ने 24 लाख रुपये खर्च किया है। निर्दलीय प्रत्याशी ने चुनाव प्रचार के लिए एक रुपये भी नहीं खर्च किया है।
नामांकन से मतदान तक प्रत्याशियों को तीन बार चुनाव प्रचार व्यय का ब्यौरा प्रेक्षक के सामने प्रस्तुत करना था। तीसरी बार दिए गए खर्च के विवरण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 24 लाख रुपये खर्च किया है। सपा प्रतयाशी शालिनी यादव ने 9 लाख 71 हजार रुपये का ब्यौरा दिया है। भाजपा, कांग्रेस और सपा प्रत्याशियों ने सबसे ज्यादा खर्च नुक्कड़ सभाओं में किया। इसके बाद उनका खर्च गाड़ी और ईधन में हुआ है। कांग्रेस प्रत्याशी अजय राय ने 15 मई को प्रियंका गांधी के रोडशो में एक लाख रुपये से ज्यादा का खर्च किया। अब तक खर्च की सीमा के मुकाबले उम्मीदवार आध से भी कम व्यय किए हैं। वहीं महाराष्ट्र से आए निर्दल प्रत्याशी मनोहर आनंद राव पाटिल ने व्यय अधिकारी को बताया कि वह मंदिर में रहते हैं। सत्तू खाते हैं और पैदल प्रचार करते हैं। कई निर्दल उम्मीदवारों ने व्यय प्रेक्षक को चुनाव खर्च विवरण नहीं दिया है।