वाराणसी। शिवपुर के सेंट्रल जेल रोड पर फ ोरलेन निर्माण कार्य के दौरान कुंज विहार कालोनी के सामने पेयजल और सीवर की पाइप लाइन 25 दिनों से कट गई है। इसके कारण सड़क पर पानी पसर गया है। सीवर और पेयजल की दोनों लाइन कटने से सैकड़ों घरों में लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। कई लोगों के घरों में पानी घुस गया है। वहीं पानी की सप्लाई बाधित होने के साथ ही कॉलोनी में आवाजाही में परेशानी हो रही है।
बताते हैं कॉलोनी के लोगों ने जब विरोध जताया तो कार्यदायी संस्था ने काम बंद कर दिया। इस अव्यवस्था के बाबत क्षेत्रीय सभासद से कहा गया लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। 25 दिन बाद शनिवार को कॉलोनी के लोगों ने क्षेत्रीय विधायक को बुलाकर समस्याओं से अवगत कराया। विधायक ने मौके पर ही नगर निगम के सुपरवाइजर श्रीकृष्ण यादव और पीडब्ल्यूडी के सहायक अभियंता एसडी मिश्रा को बुलाकर तीन दिन के अंदर सीवर और पेयजल की समस्या दूर करते हुए कालोनी के मुख्य मार्ग को ठीक करने का निर्देश दिया। पार्षद दिनेश यादव, डॉ संजय राय, अभिषेक मिश्रा, वाईएन पांडेय, विजेंद्र मिश्रा, डॉ. सुरेंद्र सिंह, मंजीत दुबे, राजनाथ पांडेय, हरिश्चंद्र दुबे आदि रहे।