वाराणसी। मिसेज इंडिया अर्थ एवं स्वच्छ भारत मिशन की ब्रांड अंबेसडर काशी की बेटी श्वेता चौधरी को स्वच्छता अभियान के लिए मंगलवार को दिल्ली में सम्मानित किया गया। इस दौरान शहरी विकास मंत्रालय के निदेशक विनोद जिंदल ने उन्हें स्मृति चिह्न प्रदान किया। सामाजिक संस्था श्री बृजकिशोेर स्टूडेंट वेलफेयर सोसायटी की ओर से वाराणसी में स्वच्छता अभियान को लेकर किए गए कार्य के लिए उन्हें यह सम्मान दिया गया।
श्वेता चौधरी ने कहा कि किसी दायित्व के मिलने के साथ जिम्मेदारियां भी बढ़ जाती हैं। उन्हें खुशी है कि मैंने अपने गृह जनपद वाराणसी में स्वच्छ भारत अभियान के निमित्त कार्य किया है। कहा कि जो वाराणसी शहर की गंभीर समस्या थीं वो संस्था के प्रयास से दूर होने लगी हैं। शहरवासी अभियान से जुड़कर अपने आसपास के क्षेत्र की स्वच्छता के लिये प्रयासरत रहते हैं। इस अवसर पर स्वच्छतादूत एवं स्वच्छोदय के अध्यक्ष राजीव वर्मा मौजूद रहे।