वाराणसी। लोकसभा चुनाव व होली त्योहार को ध्यान में रखते हुए शुक्रवार देर रात पुलिस लाइन में पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक हुई। इसमें एडीजी पीवी रामाशास्त्री ने आचार संहिता लागू होने के बाद से पुलिस की हुई कार्रवाई की समीक्षा की। साथ ही अपराधियों को चिह्नित कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और सोशल मीडिया पर भी नजर रखें।
आईजी विजय सिंह मीना ने कहा कि मतदान केंद्रों की संवेदनशीलता पर रिपोर्ट तैयार करें और शांति पूर्वक मतदान हो यह सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी सुरेंद्र सिंह ने कहा कि आचार संहिता का उल्लंघन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। शिकायतों को गंभीरता से लेकर प्रशासन व पुलिस मिलकर कार्रवाई करें। इस मौके पर एडीएम सिटी विनय सिंह, एसपी ट्रैफि क श्रवण सिंह, एसपी सिटी दिनेश सिंह, एसपी क्राइम ज्ञानेंद्र नाथ प्रसाद, एसपी ग्रामीण एमपी सिंह समेत जिले के सभी पुलिस अधिकारी व थानाध्यक्ष व प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।आचार संहिता लागू होने के बाद से जिले में जारी 25 फ ीसदी लाइसेंसी शस्त्र जमा हुए हैं। सबसे अधिक कपसेठी थाना में 50 फ ीसदी लाइसेंसी शस्त्र जमा हो चुके हैं। मंडुवाडीह व चौबेपुर में सबसे कम लाइसेंसी शस्त्र जमा होने पर एसएसपी आनंद कुलकर्णी ने नाराजगी जाहिर की। उन्होंने थानाध्यक्षों को लाइसेंसी शस्त्र जमा कराने के लिए प्रयास तेज करने के निर्देश दिए। सिगरा पुलिस की ओर से कैंट के होटलों और धर्मशाला में चेकिंग अभियान चलाया गया। इसके बाद कैंट से लेकर रथ यात्रा तक फ्लैग मार्च किया। रास्ते में वाहनों की चेकिंग की गई। वहीं सड़क से अतिक्रमणकारियाें को हटाया। सिगरा से रथ यात्रा तक शराब की दुकानों की भी जांच की गई।