वाराणसी। एडीजी जेल के निर्देश पर रविवार की रात डीआईजी जेल इलाहाबाद बीआर वर्मा के नेतृत्व में आई टास्क फोर्स ने जिला कारागार में छापेमारी की। लगभग तीन घंटे की छापेमारी की इस कार्रवाई में जेल से कोई आपत्तिजनक सामग्री तो नही मिली लेकिन कुछ बंदियों के पास से रुपये बरामद हुए। इस पर टास्क फोर्स के सदस्यों ने नाराजगी जताई और जेलर को इस पर गंभीरता से ध्यान देने को कहा।
जेल में छापेमारी के लिए टास्क फोर्स ने जिला प्रशासन के अधिकारियों से संपर्क नही किया था। रात 12 बजे तक टास्क फोर्स के सदस्य जिला जेल के भीतर ही मौजूद थे। बताया जा रहा है कि यह छापेमारी रायबरेली जेल में बंद बंदियों के शराब पीने के वीडियो के वायरल होने के मद्देनजर की गई है।