हरहुआ। बड़ागांव थाना अंतर्गत हरहुआ चौराहा (धनेसरी) के समीप सड़क किनारे गिरी मिट्टी के ढेर से टकराने के बाद बाइक सवार दो युवक डिवाइडर से जा टकराए। हादसे में घायल गिरजा पाल (40) की हरहुआ स्थित निजी अस्पताल में मौत हो गई जबकि उसके साले संतोष (25) का उपचार जारी है। सूचना पाकर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। बड़ागांव पुलिस के अनुसार दोनों के सिर पर चोट लगी है और उन्होंने हेलमेट नहीं पहन रखा था।
जौनपुर के जलालपुर क्षेत्र का सलेमपुर निवासी गिरजा पाल अपने साले संतोष के साथ छोटे साले की छेकाई में कपसेठी के कालिका बारा गया था। वहां से गिरजा और संतोष वापस बाइक से कोईराजपुर स्थित ससुराल जा रहे थे। हरहुआ चौराहा के पास सड़क निर्माण कार्य के लिए मिट्टी रखी हुई थी। इसी दौरान वाराणसी से बाबतपुर की ओर जा रही तेज रफ्तार बोलेरो से टक्कर बचाने के चक्कर में बाइक सहित दोनों मिट्टी के ढेर से जा टकराए। इसके बाद डिवाइडर से टकरा कर गंभीर रूप से घायल हो गए।