वाराणसी। सिगरा, भेलूपुर और शिवपुर थाना क्षेत्र में चोरों ने नमकीन व्यापारी के गोदाम, कबाड़ की दुकान और महिला सिपाही के घर को निशाना बनाकर नगदी, जेवरात और कीमती सामान पार कर दिया। भुक्तभोगियों की सूचना पाकर पुलिस महज मौका मुआयना की कार्रवाई तक सीमित रही। भुक्तभोगियों और उनके आसपास रहने वालों का कहना था कि पुलिस यदि रात्रिकालीन गश्त पर गंभीरता से ध्यान देती तो ऐसी नौबत नहीं आती।
सिगरा थाना अंतर्गत झूलेलाल नगर कॉलोनी में निखिल पंजवानी का नमकीन का गोदाम है। निखिल के अनुसार चोर सोमवार की रात उनके गोदाम का ताला तोड़ कर दो लाख रुपया और लैपटॉप चुरा ले गए। मंगलवार की सुबह गोदाम पहुंचने पर ताले टूटे देख उन्हें चोरी की जानकारी हुई। वहीं, भेलूपुर थाना अंतर्गत तुलसी नगर के कबाड़ के दुकानदार बबलू अग्रहरि ने बताया कि मंगलवार की शाम उनकी दुकान में चहारदीवारी फांद कर चोर घुसे। चोरों ने आलमारी का ताला तोड़ कर 54 हजार रुपया और चांदी के चार सिक्का चुरा लिया। उधर, इससे पहले शिवपुर थाना अंतर्गत तरना पुलिस पिकेट से लगभग दो सौ मीटर की दूरी पर चंदौली जनपद में तैनात सिपाही पूनम तिवारी का मकान है। पूनम तिवारी के बंद मकान से चोर 20 हजार रुपये और हजारों रुपये मूल्य के जेवर चुरा ले गए।