वराणसी। काशी से गुवाहाटी के लिए विमान सेवा 29 अक्तूबर से शुरू की जाएगी। इंडिगो को इसके लिए नगर विमानन निदेशालय से मंजूरी मिल गई है।
अभी तक वाराणसी से पूर्वोत्तर के राज्यों के लिए कोई विमान सेवा नहीं थी। गुरुवार को इसका अप्रूवल आने के बाद एयरपोर्ट पर तैयारियां शुरू हो गई हैं। 29 अक्तूबर को इंडिगो का विमान 06ई 953 सुबह 8:45 बजे गुवाहाटी से चलकर 10:45 बजे वाराणसी पहुंचेगा। फिर यही विमान 06ई 954 बनकर सुबह11:15 बजे वाराणसी से चलकर दोपहर बाद 1:15 बजे गुवाहाटी पहुंचेगा। विमान सेवा प्रतिदिन संचालित होगी। विमान का बेसिक किराया 3451 रुपये रखा गया है। हालांकि पहले ही दिन दो दर्जन से अधिक सीट बुक होने के कारण किराया 5500 तक पहुंच गया। इंडिगो एयरलाइंस के स्थानीय प्रबंधक अभिजीत ने बताया कि पर्यटन के दृष्टि से दोनों शहरों के बीच यात्रियों का आवगमन होता है। इसके अलावा वाराणसी से पूर्वोत्तर के राज्यों की कनेक्टिविटी अच्छी हो जाएगी। इसी के मद्देनजर इस विमान सेवा की शुरुआत की गई है।
एयरपोर्ट निदेशक अनिल कुमार राय ने बताया कि गुवाहाटी की उड़ान के लिए काफी दिनों से प्रयास किया जा रहा था। वाराणसी से देश के लगभग हर कोने की कनेक्टिविटी हो गई है। अगले माह तक लगभग आधा दर्जन और उड़ानें बढ़ेंगी।