वाराणसी। बीएचयू के कार्यकारिणी परिषद सदस्य और जाने माने वैज्ञानिक डॉ. अरुण कुमार सिंह ने मंगलवार को राजीव गांधी दक्षिणी परिसर बरकछा का दौरा कर सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने परिसर में हो रहे विकास तथा कृषि वैज्ञानिकी में उपलब्धियों की सराहना करते हुए पर्यावरण संतुलन की दिशा में शोध कार्य को बढ़ावा देने का आह्वान किया।
कार्यकारिणी परिषद सदस्य ने पशुचिकित्सा तथा पशु विज्ञान संकाय का भ्रमण किया और इसे पशुधन विकास एवं पशु चिकित्सा के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि बताया। इस दौरान उन्होंने एमएससी टेक पर्यावरण विज्ञान के छात्र-छात्राओं से बातचीत कर उनके विषय से जुड़ी जिज्ञासाओं को शांत किया। निरीक्षण के दौरान बरकछा कैंपस प्रभारी प्रो. रामादेवी निमन्नापल्ली, पर्यावरण विज्ञान के पाठ्यक्रम समन्वयक प्रो. आरके मल्ल, सूचना एवं जन सम्पर्क अधिकारी डॉ. राजेश सिंह, एमएससी टेक पाठ्यक्रम के सहायक प्राध्यापक डॉ. अनिल कुमार पांडेय, विजय कृष्ण आदि उपस्थित रहे।