लालानगर। ज्ञानपुर मुख्य नहर से गांधी गांव से निकले माइनर का फाटक टूट जाने से इलाके के चार गांवों के डेढ़ हजार एकड़ से अधिक खेत जलमग्न हो गए हैं। नहर का पानी होलपुर गांव में फैल गया है, जिससे लोग घरों में कैद हो गए हैं। सड़कें और गलियां डूबने से गांव में आवागमन बाधित हो गया है। पूरे गांव में बाढ़ जैसे हालात हो गए हैं। बच्चे स्कूल तक नहीं जा पा रहे हैं।
गोपीगंज क्षेत्र के गांधी गांव में ज्ञानपुर मुख्य नहर से होलपुर गांव की तरफ जाने वाले माइनर का गेट चार दिन पूर्व टूट गया था। पानी के तेज प्रवाह को माइनर का क्षतिग्रस्त तटबंध नहीं संभाल पा रहा, जिससे जगह-जगह से पानी बहने से होलपुर गांव जलमग्न हो गया है। गांव की गलियों और घरों की ड्योढ़ियों तक पानी बह रहा है। गांधी, धनापुर एवं मदनपुर गांवों के 1500 एकड़ से अधिक खेत डूब गए है, जिससे फसल बर्बाद होने की कगार पर पहुंच गई है। वहीं, गांव को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग भी डूब गया है। परेशान ग्रामीणों ने जलनिकासी के लिए होलपुर से गांधी गांव जाने वाली सड़क को काट दिया है, जिससेे उक्त मार्ग पर आवागमन ठप हो गया है। न तो लोग बाजार जा पा रहे हैं और बच्चे स्कूल जाने से वंचित हो रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि पिछले कई दिनों से माइनर का गेट टूटा हुआ है, लेकिन जिला प्रशासन को अवगत कराने के बाद भी माइनर की मरम्मत नहीं कराई जा रही। उन्हों कहा कि होलपुर स्थित प्राइमरी विद्यालय के पास बनाई गई पुलिया की जगह छोटे पुल का निर्माण करवाने की जरूरत है, ताकि जलभराव की समस्या से निजात मिल सके। एक्सईएन नहर केएन जायसवाल ने कहा कि माइनर का गेट मदनपुर गांव के कुछ लोगों ने तोड़ दिया है। इससे परेशानी बढ़ी है। इस संबंध में पुलिस को तहरीर दी गई है। नहर बंद करा कर जल्द ही माइनर के फाटक और तटबंध की मरम्मत कराई जाएगी।