ज्ञानपुर। ग्राम पुलिस चौकीदार एसोसिएशन और चौकीदार अधिकार मोर्चा ने अपनी मांगों को लेकर बृहस्पतिवार को जिला मुख्यालय पर बैठक की। सरकार पर संगठन की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए पुलिस विभाग में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी घोषित किए जाने को लेकर डीएम को प्रार्थना पत्र सौंपा।
चौकीदार कन्हैयालाल यादव ने कहा कि 157 साल बीत जाने के बाद भी चौकीदारों को पुलिस विभाग में उचित वेतनमान नहीं मिल रहा है। वहीं साइकिल रिपेयरिंग के 1320 वार्षिक मानदेय के साथ वर्दी, साफा, बेल्ट, बिल्ला और जूता तीन साल से नहीं मिल रहा है। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग के सभी कर्मचारियों को चुनाव में की गई ड्यूटी का टीए दे दिया गया, लेकिन चौकीदारों का टीए अभी तक नहीं दिया गया। उचित पारिश्रमिक नहीं मिलने से परिवार उनका भुखमरी की कगार पर पहुंच चुका है। इससे नाराज चौकीदारों ने सरकार पर संगठन की उपेक्षा का आरोप लगाया। कहा कि अगर उनकी मांगों पर जल्द विचार नहीं किया गया तो वह आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। इस दौरान चौकीदारों ने डीएम को प्रार्थना पत्र देकर उन्हें पुलिस विभाग का चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी घोषित करने की मांग की। इस मौके पर कन्हैयालाल यादव, बंशराज बिंद, मनोज कुमार, कालिका प्रसाद, गिरधारीलाल, राजेश, संजय आदि मौजूद रहे।