सुरियावां। विकास खंड के मानशाहपुर गांव में शनिवार को कोटे के आवंटन को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश फुट पड़ा। नाराज ग्रामीण ब्लॉक पर चार घंटे तक हंगामा करते रहे। बीडीओ ऊषा पाल के आश्वासन पर सभी शांत हुए। ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत अधिकारी पर मनमानी तरीके से आवंटन का आरोप लगाया।
प्राथमिक विद्यालय मानशाहपुर में कोटे के आवंटन को लेकर बैठक हुई। इसमें तीन लोगों ने आवेदन किया। हरिलाल पुत्र मक्खन, रमेश चंद्र पुत्र राजनाथ, बैजनाथ पुत्र बनवारी सरोज शामिल रहे। बैठक में ही हरिलाल ने आवेदन को वापस ले लिया। ग्राम प्रधान की अध्यक्षता में चल रही बैठक में रमेश चंद के पक्ष में 239 और बैजनाथ के पक्ष में 298 लोगों का मत होने की बात कहकर ग्राम पंचायत अधिकारी मनोज मौर्य चले गए। इसको लेकर ग्रामीण नाराज हो गए और बीडीओ कार्यालय पर 100 से अधिक लोग पहुंच गए।
ग्रामीणों ने चार घंटे तक ब्लॉक पर हंगामा किया और सेक्रेटरी के खिलाफ नारेबाजी की। ब्लॉक कार्यालय से प्रधानपति को निकलता देख ग्रामीणों ने खदेड़ा लेकिन पुलिस के होने से कुछ नहीं कर सके। ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत अधिकारी पर पैसे लेकर दुकान आवंटित करने का आरोप लगाया। ग्रामीणों के हंगामा की खबर मिलने पर जांच करने गई बीडीओ ऊषा पाल ब्लॉक पर आईं। उन्होंने दुकान आवंटन के लिए दुबारा खुली बैठक कराने और सेक्रेटरी के खिलाफ जांच का आश्वासन दिया, तब जाकर ग्रामीण शांत हुए। इस मौके पर अजीत, भगेलू, शिवशंकर, आदित्य, पन्नालाल, अशोक, रमाशंकर, भोलानाथ, अनिल, नकुल, सुनील, अभय आदि रहे।