वाराणसी। अब शहर के सभी अपार्टमेंट को गैस पाइप लाइन से जोड़ा जाएगा। इसके लिए सभी बिल्डर्स को शुक्रवार को आदेश जारी किया गया है। वहीं अब नए अपार्टमेंट बनवाने वालों को वीडीए की ओर से तब एनओसी मिलेगी, जब पाइप लाइन जोड़ा जाएगा या जोड़ने के लिए शपथ पत्र दिया जाएगा।
प्रधानमंत्री आवास योजना (अफोर्डेबल हाउसिंग इन पार्टनरशिप शहरी) के अंतर्गत वीडीए के अधिकारियों और बिल्डर्स के साथ शुक्रवार को एक बैठक की गई। इस बैठक में बिल्डर्स के सहयोग से तैयार किये जाने वाले आवासों के संबंध में चर्चा की गई। उपाध्यक्ष राजेश कुमार ने सभी बिर्ल्डस को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत कार्य करने का निर्देश दिया। इसके अलावा वीसी ने कहा कि सभी अपार्टमेंट को गेल के गैस पाइप लाइन से जोड़ना है। ऐसे में जिन बिल्डिंग के रास्ते से यह पाइप लाइन बिछा दी गई है उस क्षेत्र के सभी अपार्टमेंट उसे जुड़वाने का कार्य कराए। इसके अलावा जो निर्माणाधीन हैं वे अगर पाइप लाइन के किनारे हैं तो वे तत्काल जोड़ेंगे या फिर दूर होेंगे तो लिखकर देंगे कि जब पाइप लाइन बिछेगी, तो आप कनेक्शन जोड़ेंगे। इसके बाद ही एनओसी दी जाएगी। इसके अलावा बैठक में शासन द्वारा निर्गत प्रधानमंत्री आवास योजना के सभी प्रावधानों से विकासकर्ताओं को अवगत कराया गया । इस योजना में मिलने वाली छूट के सम्बन्ध में उनको जानकारी दी गई। इस बैठक में वीडीए सचिव विशाल सिंह, बिर्ल्डस और डेवलेपर्स संगठन के अध्यक्ष अनुज डिडवानियां, अनिल सिंह, आर सी जैन आदि मौजूद रहे।