रोहनिया। मोहन सराय ट्रांसपोर्ट नगर के भूमि अधिग्रहण के खिलाफ उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी की प्रदेश सचिव श्वेता राय के नेतृत्व में किसान संघर्ष समिति का प्रतिनिधि मंडल पुलिस उपाधीक्षक सदर से मिला। इस दौरान ज्ञापन सौंप कर ट्रांसपोर्ट नगर योजना के राजस्व अभिलेखों में किसानों का नाम पुन: दर्ज करने की मांग की।
लगातार 11 दिनों से खून से खत लिखने के अभियान के बावजूद सरकार की संवेदनहीनता पर आक्रोश व्यक्त करते हुए श्वेता राय ने कहा कि किसानों की समस्या का समाधान किया जाए। यहां लगभग 20 वर्षों से योजना लंबित है। सरकार कब्जा नहीं कर पायी है। योजना निरस्त हो जानी चाहिए। कहा कि राजस्व अभिलेखों में नाम दर्ज कराने के लिए राजस्व अधिकारियों से वार्ता कर सार्थक पहल नहीं हुई तो 14 अप्रैल को प्रधानमंत्री के संसदीय कार्यालय का घेराव करेंगे। गुरुवार को मिल्कीचक गाँव में किसानों ने खून से खत लिखकर प्रधानमंत्री से उक्त किसान विरोधी योजना निरस्त करने की मांग की। पत्रक देने एवं खत लिखने के अभियान में मुख्य रूप से विनय शंकर राय, पवन सिंह, सुनील सिंह, मेवा पटेल, कृष्ण प्रसाद पटेल, गायत्री देवी, मोनू राय, राणा चौहान, प्रेम साह, आरती पटेल सहित इत्यादि लोग शामिल थे।