वाराणसी। गया में विस्फोटकोें की बरामदगी के बाद शनिवार को सारनाथ इलाके में सतर्कता बढ़ा दी गई है। बौद्ध धर्म से जुड़े सभी प्रमुख स्थलों के साथ ही अन्य महत्वपूर्ण स्थानों की सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर डाग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ते ने सारनाथ इलाके का चप्पा-चप्पा खंगाला। इस दौरान संदिग्ध प्रतीत हो रहे लोगाें से पूछताछ की गई और होटलों के रजिस्टर में दर्ज नाम-पते भी तस्दीक किए गए। वहीं, एसएसपी ने लोकल इंटेलिजेंस यूनिट को सूचना संकलन के काम में किसी भी स्तर पर कोताही न बरतने की ताकीद की है।
गया स्थित कालचक्र मैदान के गेट नंबर चार, श्रीलंकाई बौद्ध मठ के सामने और लाल पत्थर इलाके से शुक्रवार की रात विस्फोटक बरामद हुए थे। इन दिनों गया में बौद्ध धर्मगुरु दलाई लामा प्रवास कर रहे हैं। शनिवार को विस्फोटकों की बरामदगी का मामला सार्वजनिक हुआ तो सारनाथ इलाके में डाग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ते के साथ खुफिया इकाइयों के जवानों को सक्रिय देखा गया। सारनाथ स्थित बौद्ध मंदिर, धमेख स्तूप, संग्रहालय, तिब्बती मंदिर, जापानी मंदिर सहित अन्य सभी महत्वपूर्ण स्थानों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई और तलाशी अभियान चलाया गया। इसके साथ ही शाम के समय प्रमुख गंगा घाटों और रेलवे स्टेशनों और बस अड्डों पर भी अचानक चेकिंग की गई। इस संबंध में पूछे जाने पर पुलिस अधिकारियों का कहना था कि रूटीन प्रक्रिया के तहत तलाशी अभियान चलाया गया था।