वाराणसी। अदालतों में ट्रेड यूनियनों की तरह हड़ताल नही होनी होनी चाहिए। यह बात हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति ओमप्रकाश ने शनिवार को सेंट्रल बार एसोसिएशन सभागार में स्व. संकठा प्रसाद सिंह एसी वाचनालय और स्व. नगेंद्र प्रसाद सिंह के चित्र और विश्रामालय के लोकार्पण अवसर पर कही। इस दौरान 111 विशिष्ट अधिवक्ताओं का सम्मान किया गया।
न्यायमूर्ति ने संकठा सिंह के पुत्र आरा के जिला जज योगेंद्र नारायण सिंह द्वारा साढ़े पांच लाख रुपये वाचनालय के लिए देने और नागेंद्र सिंह के पुत्र राकेश सिंह द्वारा 51 हजार रुपये बार को देने पर कहा कि आपका योगदान अधिवक्ता समाज भूल नहीं सकता। कहा कि बनारस प्रत्येक वर्ष आना होता है और यहां जिला जज रहने के दौरान हड़ताल कम हुई। यह सिलसिला आगे भी जारी रहना चाहिए। इस दौरान न्यायमूर्ति, एल्डर्स कमेटी के चेयरमैन दीनानाथ सिंह और सेंट्रल बार अध्यक्ष ने विशिष्ट अधिवक्ताओं और विधिक पत्रकारों को सम्मानित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सेंट्रल बार अध्यक्ष अशोक सिंह प्रिंस और संचालन महामंत्री ओमप्रकाश पांडेय ने किया। इस दौरान बनारस बार के अध्यक्ष अनिल पांडेय, महामंत्री आनंद मिश्र, सेंट्रल बार के निर्वाचित अध्यक्ष प्रभुनाथ पांडेय व महामंत्री संजय सिंह दाढ़ी, बनारस बार के निर्वाचित अध्यक्ष नरेंद्र श्रीवास्तव व महामंत्री रजनीश मिश्र, अरुण त्रिपाठी, हरिशंकर सिंह, राधेश्याम चौबे, सौरभ श्रीवास्तव, जीपी अग्रवाल, दिवाकर मिश्र, अजय श्रीवास्तव, अनिल सिंह आदि अधिवक्ता मौजूद रहे।