वाराणसी। बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर में मंगलवार को ओपीडी में एक्सरे न होने से नाराज मरीजों ने हंगामा किया। मरीजों और तीमारदारों का कर्मचारियों और बाहर गेट पर खड़े सुरक्षा गार्डों से नोकझोंक भी हुई। करीब 20 मरीजों के परिजन सेंटर के पांचवें तल पर स्थित प्रोफेसर इंचार्ज से शिकायत करने पहुंचे लेकिन अधिकारियों से उनकी मुलाकात नहीं हो पाई।
सुबह नौ बजे एक्सरे कराने की रसीद और पर्चा जमा करने के बाद लोग इंतजार करते रहे। दोपहर 12 बजे तक एक्सरे शुरू नहीं हुआ तो लोगों ने पूछताछ की। पता चला कि इमरजेंसी छोड़ ओपीडी वालों का एक्सरे नहीं होगा। इस पर मरीज और तीमारदार हंगामा करने लगे। कुछ लोगों ने फीस वापस मांगी तो कुछ निराश लौट गए। बता दें कि यहां इमरजेंसी के अलावा ओपीडी में 100 से अधिक मरीजों का एक्सरे भी होता है।
ट्रॉमा सेंटर के प्रोफेसर इंचार्ज प्रो. संजीव कुमार गुप्ता ने बताया कि रेडियोलॉजिस्ट की कमी के चलते समस्या हो रही है। खाली पदों पर भर्ती के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन को पत्र लिखा जा चुका है। मंगलवार को हड्डी रोग के मरीजों की संख्या अधिक रहती है। दो ही टेकनीशियन थे, जिससे ओपीडी की जांच नहीं हो पाई। बुधवार को सभी की जांचें कराई जाएंगी।