वाराणसी। लोकतंत्र के महापर्व के अंतिम चरण में रविवार को वाराणसी में मतदान होगा। वाराणसी और चंदौली लोकसभा सीट के 25 लाख से ज्यादा मतदाता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित अन्य प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। सुबह सात बजे से मतदान शुरू होगा और शाम छह बजे तक निर्बाध जारी रखने की तैयारी है। लोकतंत्र के इस महापर्व में शामिल होकर कर्तव्य का निर्वहन करें।
जिले की सात विधानसभाओं के लिए शनिवार की सुबह पुलिस लाइन, सांस्कृतिक संकुल, हस्तकला संकुल, यूपी कॉलेज, नदेसर स्थित कटिंग मेमोरियल, क्रिश्चियन कॉलेज और रोहनिया स्थित जगतपुर इंटर कॉलेज से पोलिंग पार्टियां रवाना हुईं। शाम तक सभी पोलिंग पार्टियां मतदान केंद्रों पर पहुंच गई थीं। जिला निर्वाचन अधिकारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान के लिए तैयारी पूरी कर ली गई है। मतदान के दौरान किसी तरह के अफवाह पर ध्यान नहीं दें और सूचना सीधे पुलिस को दें।