वाराणसी। फूलपुर थाना क्षेत्र के एक गांव की साढ़े चार साल की बच्ची का अपहरण कर दुराचार करने के आरोपी पुरारघुनाथपुर निवासी नीरज हरिजन को बुधवार को बाबतपुर तिराहा से गिरफ्तार कर पुलिस ने जेल भेज दिया। पुलिस के अनुसार नीरज कहीं बाहर भागने की फिराक में था।
27 अगस्त की रात घर में सोई बच्ची को चारपाई से अगवा कर बाजरे के खेत में उसके साथ दुराचार किया गया था। इस दौरान आरोपी ने बच्ची की पिटाई करते हुए खुद को भूत बताया था और मुंह बंद रखने के लिए कहा था। एसपी ग्रामीण अमित कुमार ने बताया कि इंस्पेक्टर फूलपुर सुदेश कुमार सिंह ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तफ्तीश शुरू की तो पांच संदिग्ध सामने आए। सभी से पूछताछ शुरू की गई तो नीरज की भूमिका संदिग्ध प्रतीत हुई। इस पर अन्य को छोड़ कर उससे पूछताछ जारी रखते हुए उसकी रोजाना की गतिविधियों की जानकारी जुटाई गई। कड़ाई से हुई पूछताछ में नीरज टूट गया और उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। नीरज का मेडिकल मुआयना करा कर अदालत में उसे पेश कर जेल में दाखिल कर दिया गया।