वाराणसी। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ, गंगापुर और एनटीपीसी परिसर, अब तीनों कैंपस का शुल्क एक समान होगा। इससे गंगापुर और एनटीपीसी परिसर के छात्र-छात्राओं को बहुत हद तक राहत मिल गई है। शनिवार को विश्वविद्यालय में हुई वित्त समिति की बैठक में इस पर मुहर लग गई। कुलपति प्रो. टीएन सिंह की अध्यक्षता में हुई समिति की बैठक में छात्रहित को देखते हुए ये फैसला लिया गया।
काशी विद्यापीठ, गंगापुर और एनटीपीसी परिसर में संचालित पाठ्यक्रमों में अलग- अलग शुल्क निर्धारित था। एनटीपीसी परिसर में बीए की फीस में मुख्य परिसर से करीब चार हजार रुपये अधिक है, वहीं गंगापुर कैंपस में 1715 रुपये अधिक है। इसी तरह बीकॉम, एमकॉम और बीएफए की फीस भी तीनों परिसर की अलग- अलग है। एक समान फीस हो जाने से विद्यार्थियों को काफी सहूलियत मिलेगी। वित्त समिति की बैठक में सेल्फ फाइनेंस के भूगोल, ललित कला और इतिहास में पांच पद सृजित करने का फैसला लिया गया है। समिति ने अब उपाधि शुल्क लेने का भी फैसला लिया है। इसके तहत विद्यार्थियों से परीक्षा शुल्क के साथ उपाधि शुल्क भी लिया जाएगा। अंतिम सेमेस्टर में विद्यार्थियों को उपाधि शुल्क भी जमा करना होगा। विद्यापीठ प्रशासन की ओर से पंजीकृत डाक से विद्यार्थियों को उपाधि भेज दी जाएगी। कैंपस में अलग-अलग विभागों में परामर्श केंद्र खोले जाने पर भी निर्णय लिया गया। इसके साथ ही विश्वविद्यालय के शिक्षकों व कर्मचारियों के आवास पर बिजली मीटर भी लगवाए जाने का फैसला लिया गया है। यही नहीं एडवांस के समायोजन की तिथि भी अब निर्धारित की जाएगी। बैठक में अपर निदेशक कोषागार लक्ष्मी शुक्ला, वित्त अधिकारी आनंद प्रकाश राय, कुलसचिव डॉ. साहब लाल मौर्या आदि मौजूद रहे।