वाराणसी। ट्रैफिक पुलिस का दावा है कि शहर के दस चौराहों पर अब यातायात सुगम होगा। वहीं, आगामी दो माह में शहर के अन्य 16 चौराहों पर यातायात को सुगम बनाने की कवायद के लिए काम शुरू कर दिया गया है। इसके साथ ही सिगरा से नीमा माई की तरफ और गुरुबाग से रथयात्रा की तरफ दो पहिया वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित कर दिया गया है।
एसपी ट्रैफिक सुरेश चंद्र रावत ने गुरुवार को बताया कि ताड़ीखाना, जगतगंज, संदीप होटल चौराहा, कबीरचौरा चौराहा, मरीमाई चौराहा, लोहामंडी चौराहा, सिगरा थाने के पास का चौराहा, घंटी मिल चौराहा, लहरतारा चैराहा और रथयात्रा चौराहा को सेमी नान स्टाप कर दिया गया है। इन चौराहों पर पहले वाहनों का ठहराव 120 सेकेंड का था लेकिन अब यह 30 सेकेंड का होगा। आगामी दो महीने में वीडीए की ओर से और जर्सी बैरियर उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके बाद पहडि़या चौराहा, काली माता मंदिर चौराहा, बेनियाबाग तिराहा, कज्जाकपुरा तिराहा, रामनगर चौक, रविदास गेट चौराहा, मंडुवाडीह चौराहा, सिगरा चौराहा, चंद्रा चौराहा, नगर निगम चौराहा, अंधरापुल चौराहा, इंग्लिशिया लाइन तिराहा, चितईपुर चौराहा, भिखारीपुर तिराहा, मछली मंडी भोजूबीर और सब्जी मंडी भोजूबीर चौराहा को भी सेमी नान स्टाप कर दिया जाएगा। इसके चलते इन 16 चौराहों पर भी वाहनों की औसत स्पीड में वृद्धि होगी।