वाराणसी। इंडियन वेटलिफ्टिंग फेडरेशन भारोत्तोलक पूनम यादव के जवाब से संतुष्ट नहीं है। फेडरेशन का कहना है कि बिना डोप टेस्ट के कोई भी बात आगे नहीं बढ़ सकती है। वेटलिफ्टर पूनम यादव को हर हाल में अपना डोप टेस्ट कराना ही होगा। पूनम को लापरवाही और गैर जिम्मेदाराना रवैया अपनाने के कारण फेडरेशन ने कैंप और टॉप्स से बाहर कर दिया है। डोप टेस्ट की रिपोर्ट के बिना फेडरेशन कोई निर्णय नहीं लेगा।
फेडरेशन के महासचिव सहदेव यादव ने बताया कि पूनम यादव का जवाब मिल गया है लेकिन वह संतोषजनक नहीं है। पूनम ने जो जवाब दिया है वह किसी भी तरह से ठीक नहीं है। एनआईएस पटियाला से बेहतर स्वास्थ्य सुविधा पूनम को दूसरी जगह कैसे मिल सकती है। उसने स्वास्थ्य कारणों को जो हवाला दिया है वह बेहद लापरवाही भरा रवैया है। पूनम को अब सबसे पहले अपना डोप टेस्ट कराना होगा और उसकी रिपोर्ट के बाद इंडियन वेटलिफ्टिंग फेडरेशन आगे विचार करेगा। महासचिव ने बताया कि पूनम डोप टेस्ट से ना जाने क्यों भाग रही है। इसके कारण कई तरह के संदेह भी उत्पन्न हो रहे हैं। फेडरेशन अभी इस मामले में विचार कर रहा है।