बीएचयू इंस्टीट्यूट आफ मेडिकल साइंस (आईएमएस) में छह दिवसीय वार्षिकोत्सव के दूसरे दिन भी स्वतंत्रता भवन में सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भावी डॉक्टराें ने बढ़चढ़कर भागीदारी की। इस दौरान गीत-संगीत, नृत्य, रैंप वॉक की प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रतिभागियों ने दर्शकों का दिल जीतने की कोशिश की। फैशन शो कार्यक्रम के आकर्षण का केंद्र रहा।
संस्थान परिसर में चल रहे छह दिवसीय उत्सव का मुख्य समारोह 24 मार्च को मनाया जाएगा। जिसमें जानी मानी पंडवानी गायिका पद्मभूषण तीजन बाई के साथ ही केंद्रीय स्वास्थ्य राज्यमंत्री अश्विनी चौबे शामिल होंगे। प्रेस एवं पब्लिकेशन समिति के संयोजक प्रो. आनंद चौधरी और सांगठनिक समिति के संयोजक प्रो. वीएन मिश्रा के निर्देशन में मंगलवार के प्रतियोगिता की शुरूआत गायन से हुई। इसके बाद आन द स्पाट पेंटिंग में प्रतिभागियों ने स्वच्छ भारत-स्वस्थ भारत, पर्यावरण संरक्षण आदि पर आधारित चित्र बनाएं। उधर एकल-समूह नृत्य में भी एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां देखने को मिली जबकि फैशन शो में रंग-बिरंगे परिधान में सजकर जैसे ही छात्र-छात्रा रैंप पर उतरे तालियों की गड़गड़ाहट से पूरा सभागार गूंज उठा। प्रो. आनंद चौधरी ने बताया कि उत्सव को भव्यता प्रदान करने के लिए कट आउट, बैनर, चार्ट, मॉडल, चल चित्रों को शामिल करने का कार्य अंतिम चरण में हैं।