सेवापुरी। कपसेठी थाना क्षेत्र के एक गांव में बुधवार को स्कूल जा रही चौथी कक्षा की एक छात्रा से गांव के ही नौवीं कक्षा के छात्र के दुराचार का मामला सामने आया है। पीडि़ता की चीख-पुकार सुनकर समीप ही घास काट रही महिलाएं दौड़ीं तो आरोपी किशोर भाग निकला। पीडि़ता की चाची की तहरीर के आधार पर कपसेठी थाने में आरोपी के खिलाफ दुराचार, पॉक्सो एक्ट और एससी-एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है। घटना से गांव में दोनों पक्षों के बीच तनाव के मद्देनजर पुलिस हालात पर नजर रखे हुए है।
पीडि़त छात्रा की उम्र 10 वर्ष बताई गई। वह सुबह 9:30 बजे के लगभग घर से स्कूल जाने के लिए निकली थी। छात्रा के घर से स्कूल के बीच में एक बगीचा पड़ता है। बताया जाता है कि बगीचे में ही गांव निवासी आरोपी किशोर पहले से घात लगाकर बैठा था। बगीचे में पहुंचते ही वह छात्रा का मुंह बंदकर उसे खींच ले गया और दुराचार किया। छात्रा की चीख-पुकार सुनकर आसपास घास काट रही महिलाएं भाग कर मौके पर आईं तो आरोपी उन्हेें धक्का देते हुए वरुणा नदी पार कर बड़ागांव थाना क्षेत्र की ओर भाग निकला। क्षेत्राधिकारी बड़ागांव शफीक अहमद खान ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी के लिए एक टीम गठित की गई है। पीडि़ता को मेडिकल मुआयना के लिए भेजा गया है।