भदोही। भदोही ब्लाक क्षेत्र के खेतलपुर में ग्राम प्रधान पद के लिए सात, जोगीपुर बीडीसी पद के लिए दो तथा पांच रिक्त ग्राम सभा सदस्य पदों के लिए केवल तीन पर एक-एक प्रत्याशी नामांकन कर सके हैं। गुरुवार को नामांकन वापसी के बाद चुनाव वाले गावों में राजनीति गर्मा गई है। प्रत्याशियों ने शाम से चुनाव प्रचार शुरू कर दिया। उल्लेखनीय है कि जोगीपुर के रिक्त बीडीसी सीट पर प्रशांत सिंह उर्फ चिट्टू और सत्य नारायण के बीच सीधा मुकाबला होगा। गत माह प्रशांत सिंह चिट्टू की पत्नी प्रियंका द्वारा लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर ही निवर्तमान ब्लाक प्रमुख विकास यादव बर्खास्त किए गए थे।
गुरुवार को नाम वापसी के दिन ग्राम प्रधान व बीडीसी पदों के एक-एक प्रत्याशियों ने अपना पर्चा वापस ले लिया। 22 फरवरी होने वाले चुनाव में आज चुनाव चिन्ह आवंटन हो जाने के बाद चुनाव प्रचार तेज हो गया है। निर्वाचन अधिकारी अजय कुमार ने बताया कि खेतलपुर प्रधानी सीट पर रमाकांत पटेल, अशोक चौबे, नन्हें लाल, अनिता देवी, आशा देवी, अनिल कुमार व श्याम लाल प्रत्याशी हैं। बताया कि 5 सदस्य पदों में चकभुइधर से श्याम लाल, बीरापट्टी से राधिका व रयां से मोकद्दर का नामांकन हुआ है। ऐसे में इनकी निर्विरोध निर्वाचन तय हो गया है। सर्रोइ व रड़ई से किसी ने पर्चा नहीं भरा है ऐसे में ये दोनो सदस्य पद खाली ही रह जाएंगे।
उधर, सुरियावां विकास खंड के भिखारीरामपुर ग्राम प्रधान पद पर सात में से दो प्रत्याशियों ने नामांकन वापस लिया। अब अनिता देवी, इंदू देवी, खुदैजा बेगम, सरोज मिश्रा व संजू देवी मैदान में बचे हैं। सभी को चुनाव चिन्ह आवंटित कर दिया गया। कुसौड़ा बीडीसी पद पर एकमात्र कलावती देवी के नामांकन करने से उनमा निर्वाचन निर्विरोध होगा। ग्राम पंचायत सदस्य पद हेतु मांशाहपुर, उगईपुर व बहुता चकडाही के सदस्य पद हेतु केवल बहुता चकडाही से राजेश सिंह ने पर्चा भरा है बाकी सीट खाली रह गए।