जौनपुर। लाइनबाजार थाना क्षेत्र के मतापुर और शाहगंज कोतवाली क्षेत्र के दादर पुल के पास शुक्रवार को हुए सड़क हादसों में बाइक सवार तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने तीनों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बक्शा थाना क्षेत्र के पूराहेमू गांव निवासी हौसिला प्रसाद प्रजापति (48) अपने रिश्तेदार बदलापुर थाना क्षेत्र के तियरा गांव निवासी फूलचंद्र प्रजापति (52) के साथ बाइक से जलालपुर जा रहे थे। दोनों लोग सुबह साढ़े सात बजे लाइनबाजार थाना क्षेत्र के मतापुर के पास हाईवे पर पहुंचे थे तभी ट्रक की चपेट में आ गए। दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया जहां डाक्टर ने दोनों लोगों को मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद ट्रक समेत चालक फरार हो गया। मृतक हौसिला प्रसाद के पुत्र दुर्गेश प्रजापति की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
शाहगंज प्रतिनिधि के अनुसार आजमगढ़ जनपद के दीदारगंज थाना क्षेत्र के हुब्बीगंज (पैनापुर) गांव निवासी मोहम्मद हुसैन (38) पुत्र नूर हसन अपनी बाइक से शुक्रवार की दोपहर सेंट थॉमस इंटर कॉलेज से अपने बच्चे को लेकर घर जा रहे थे। वह दादर पुल पर पहुंचे थे तभी सामने से आ रही दूसरी बाइक से टक्कर हो गई। मो. हुसैन घायल हो गए। उपचार के लिए निजी नर्सिंग होम में लाया गया। जहां हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया। जिला चिकित्सालय में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।