ज्ञानपुर (भदोही)। डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के चुनाव की सरगर्मी तेज हो गई है। गुरुवार को अध्यक्ष और महासचिव के लिए एक-एक प्रत्याशी ने नामांकन किया। विभिन्न पदों के लिए अब तक कुल 30 उम्मीदवार पर्चा दाखिल कर चुके हैं।
डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के चुनाव के लिए एक जनवरी से नामांकन प्रक्रिया चल रही है। बृहस्पतिवार को अध्यक्ष पद के प्रत्याशी प्रमोद कुमार यादव और महासचिव के लिए शशि कुमार पांडेय ने समर्थकों के साथ नामांकन किया। अब तक अध्यक्ष पद पर दो, महासचिव पर चार, वरिष्ठ उपाध्यक्ष पर दो, उपाध्यक्ष 10 साल से ऊपर के लिए दो, उपाध्यक्ष पांच से 10 साल के लिए तीन प्रत्याशियों ने नामांकन किया है। इसी तरह संयुक्त सचिव के लिए चार, कोषाध्यक्ष के लिए सात, कन्ष्ठि कार्यकारिणी के लिए छह लोगों ने नामांकन किया। एल्डर्स कमेटी के चेयरमैन सदानंद यादव ने कहा कि चुनाव की तैयारी पूरी हो चुकी है। नामांकन पूर्ण होने पर जांच और नाम वापसी की जाएगी। इसके बाद प्रत्याशियों की असली तस्वीर सामने आएगी। उन्होंने बताया कि 17 जनवरी को सुबह से दोपहर तीन बजे तक मतदान और उसके बाद मतगणना होगी। वहीं दूसरी ओर नामांकन के साथ ही अधिवक्ताओं में लामबंदी तेज हो गई है। अध्यक्ष और महासचिव पद के प्रत्याशी वोटरों को सहेजने के लिए हर हथकंडे को अपना रहे हैं। वोटर अधिवक्ता भी सभी को आश्वासन दे रहे हैं लेकिन ऊंट किस करवट बैठेगा यह तो मतगणना के बाद ही तय हो सकेगा।