वाराणसी। कैंट रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर हो रहे वाशेबल एप्रन का कार्य निर्धारित तारीख 19 दिसंबर तक नहीं पूरा हो पाएगा। इसके लिए इंजीनियरिंग विभाग ने मुख्यालय से 25 दिसंबर तक का समय मांगा है। ऐसे में बदले मार्ग से चल रही दर्जनभर ट्रेनों के चलते होने वाली समस्या से यात्रियों को अभी कुछ दिन और जूझना पड़ेगा।
वाशेबल एप्रन निर्माण के लिए 46 दिनों का ब्लॉक लिया गया है। 19 दिसंबर तक कार्य पूरा करने की अंतिम तारीख तय थी। निर्माण कार्य की गति धीमी होने से निर्धारित समय तक काम पूरा नहीं हो पाएगा। ऐसे में इंजीनियरिंग विभाग ने मुख्यालय को पत्र भेजकर काम पूरा करने के लिए 25 दिसंबर तक समय मांगा है। एक नंबर पर चल रहे कार्य की वजह से यात्रियों की ट्रेन आए दिन छूट रहीं हैं। वहीं लोगों को मुगलसराय जाकर ट्रेन पकड़नी पड़ रही है। पांच जोड़ी ट्रेनें इलाहाबाद-मिर्जापुर-चुनार-मुगलसराय के रास्ते, वहीं कई ट्रेनें इलाहाबाद-जंघई-जौनपुर-शाहगंज के रास्ते चलाई जा रही हैं। यात्रियों को उम्मीद थी कि 19 के बाद ट्रेन पकड़ने में आसानी होगी लेकिन अब 25 दिसंबर तक इंतजार करना होगा। इससे पहले भी वाशेबल एप्रन के कार्य भी समय से पूरा नहीं हो सका है। इससे यात्रियों को समस्या का सामना करना पड़ रहा है।