वाराणसी। विश्व एड्स दिवस पर शुक्रवार को काशी विद्यापीठ, बीएचयू सहित शहर में विभिन्न स्थानों से जागरूकता रैली निकाली गई। छात्र-छात्राओं और स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने पोस्टर, पैम्फ्लेट बांटे और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से एड्स जैसी जानलेवा बीमारी से बचाव के प्रति लोगों को सचेत किया गया।
बीएचयू एआरटी सेंटर पर एचआईवी पीड़ित बच्चों के बीच कार्यक्रम मनाया गया। इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम भी हुए। इसमें एचआईवी पॉजिटिव बच्चों ने कविता, चुटकुले और गीतों की प्रस्तुतियां दीं। बीएचयू राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी डॉ. नाज बेगम के निर्देशन में स्वयंसेविकाओं ने सिंह द्वार और विश्वनाथ मंदिर के बाहर नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को एड्स से बचाव के प्रति जागरूक किया। काशी विद्यापीठ राष्ट्रीय सेवा योजना की ओर से कार्यक्रम समन्वयक प्रो. सुशील गौतम के निर्देशन में परिसर में रैली निकाली गई, जिसे कुलपति डॉ. पृथ्वीशनाग, कुलसचिव ओमप्रकाश आदि ने रवाना किया। इस दौरान स्वयंसेवकों ने लोगों को पोस्टर, बैनर के माध्यम से एड्स से बचाव के प्रति जागरूक किया। उधर दीनदयाल अस्पताल एआरटी सेंटर पर एड्स पीड़ित बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, चिकित्सा अधीक्षक सहित अन्य लोगों ने एड्स से बचाव के प्रति प्रेरित किया। सनबीम कॉलेज फॉर विमेन में एचडीएफसी बैंक की ओर से रक्तदान शिविर लगाया गया। एशियन सहयोगी संस्था इंडिया की ओर से लोहता के धन्नीपुर ग्राम में रैली निकाली गई। काशियाना डॉट काम की ओर से संस्थापक सुमित सिंह के निर्देशन में गोद लिए गांव शिवदासपुर में जागरूकता रैली निकालकर जागरूक किया गया।
गांवों में जगाई जागरूकता की अलख
बड़ागांव/चोलापुर। एड्स दिवस पर गांवों में भी जागरूकता रैली निकाली गई। बड़ागांव के साधोगंज स्थित एस डी पब्लिक स्कूल में प्रधानाचार्य डॉ. जितेंद्र कुमार ने कहा कि सावधानी ही बचाव का उपाय है। जीवन ज्योति चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से रमईपुर स्थित जेजे हॉस्पिटल में गोष्ठी का आयोजन किया गया। चोलापुर के रौना खुर्द स्थित श्रीकृष्ण महाविद्यालय व बीटीसी कालेज के छात्र व छात्राओं ने प्रबंधक कृष्ण कुमार उर्फ बबलू, प्राचार्य सूबेदार सिंह के निर्देशन में रैली निकाली।