आराजीलाइन। क्षेत्र के शाहंशाहपुर में गोवर्धन पूजा उत्सव समिति की ओर से शुक्रवार को पारंपरिक लोक कलाओं की प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें पहलवानों ने जोड़ी, गदा, नाल में दमखम दिखाया। साथ ही लाठी के करतब से भी युवाओं ने खूब वाहवाही लूटी।
प्रतियोगिता का उद्घाटन सेवापुरी के विधायक नीलरतन पटेल ने किया। उन्होंने कहा कि पारंपरिक कला और पहलवानी की विधा को जीवंत रखने की जरूरत है। उन्होंने लोक कला के विशेषज्ञों से नई पीढ़ी को अपने करतब सिखाकर यह परंपरा हस्तगत करने की अपील की। पूरी प्रतियोगिता में 70 वर्षीय श्रीधर मिश्र का करतब देखने लायक था। उन्होंने सात मिनट में 201 बार 26 किलो की गदा फेरकर अपना पुराना रिकॉर्ड कायम रखा जबकि कोई भी युवा 50 से अधिक बार गदा नहीं फेर पाया। लाठी के सर्वश्रेष्ठ करतब के लिए पप्पू राजभर के टीम को प्रथम पुरस्कार दिया गया। 26 किलो की गदा फेरने में श्रीधर और 70 किलो की गदा फेरने में सुरेंद्र ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। एक क्विंटल की जोड़ी को 13 बार फेर कर बेनीपुर के अशोक ने पहला पुरस्कार जीता। 100 किलो की नाल उठाने में कल्लू पाल और 125 किलो की नाल में शिवराज यादव अव्वल रहे। इसी तरह 60 किलो की नाल उठाने में सूरज यादव और 80 किलो भार वर्ग में खुनखुन ने पहला स्थान प्राप्त किया। इस दौरान समिति के गणेश, राजेश, सुनील, गोपी यादव, गोपाल केसरी, भास्कर राय, शरद यादव, लाल बहादुर, गोपाल और डॉ. प्रदीप सिंह आदि मौजूद थे।