वाराणसी। बीएचयू में प्रयोगशाला सहायक के 23 पदों पर भर्ती के लिए रविवार को परीक्षा देने आए अभ्यर्थियों ने जमकर हंगामा मचाया। महिला महाविद्यालय के परीक्षा केंद्र पर धांधली का आरोप लगाते हुए अभ्यर्थियों ने प्रदर्शन किया और लंका पुलिस से शिकायत की। अभ्यर्थियों का आरोप था कि उसे नकल कराई जा रही थी। उधर विश्वविद्यालय प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच कराने की बात कही है।
भर्ती के लिए 4500 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। महिला महाविद्यालय, कला संकाय, नर्सिंग कॉलेज और आईएमएस परिसर में परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। परीक्षा खत्म होने से कुछ समय पहले ही एमएमवी के कमरा नंबर 240 में नकल करते एक अभ्यर्थी पकड़ा गया। शिकायत करने वाले अभ्यर्थियों का कहना है कि मौके पर मौजूद परीक्षा से जुड़े अधिकारियों ने जब उससे पूछताछ शुरू की तो उसने चिट खा ली। परीक्षा खत्म होने के बाद बाकी अभ्यर्थी गेट पर हंगामा करने लगे। लंका पुलिस को दी गई शिकायत में गोविंद पांडेय, आशीष पांडेय, जितेंद्र, अमन रावत, राजकुमार, अभिषेक आदि ने कक्ष निरीक्षक की भूमिका पर भी सवाल उठाया है। साथ ही नकल करने और कराने वाले पर कार्रवाई की मांग की है।
प्रयोगशाला सहायक परीक्षा में नकल करते एक अभ्यर्थी पकड़ा गया। उसके खिलाफ विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन मामले की जांच कराएगा, जो भी दोषी होगा नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। -डॉ. राजेश सिंह, पीआरओ