सेवापुरी। ज्ञानपुर नहर प्रखंड का बेनीपुर-कोरौती माइनर दीनदासपुर गांव के पास गुरुवार को टूट जाने से राजभर बस्ती जलमग्न हो गई। लोगों के घरों में गलियों और खेतों के साथ ही लोगों के घरों में पानी घुस गया है। इससे बस्ती के लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। आक्त्रसेषित ग्रामीणों ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी की।
ग्रामीणों ने बताया कि विभाग ने अभी तक नहर की पूरी तरह से खुदाई नहीं कराई। साथ ही नहर के बीचोंबीच खिचडू प्रजापति ने कच्चा घर बना रखा, जिससे पानी आगे नहीं जा पाता। ऐसे में नहर में क्षमता से अधिक पानी छोड़ने के कारण यह समस्या उत्पन्न हुई। बस्ती के अंदर और आसपास घुटनों तक पानी भर गया है। इतना ही नहीं, मनोज, झुन्ना, छुन्ना, बालजीत, देवानंद, सीताराम केसरी, शंकर, कमलेश, पनधारी, लालधारी, जीवधन और पांचू समेत दो दर्जन लोगों के घरों में पानी भर गया है। ग्रामीणों को डर सता रहा है कि पानी भरने के कारण उनके कच्चे घर गिर सकते हैं। ग्रामीणों ने बताया कि नहर टूटने और बस्ती में पानी घुसने की सूचना अधिकारियों को दी गई लेकिन कोई मौके पर नहीं पहुंचा।
वहीं, अधिशाषी अभियंता केएन जायसवाल का कहना है कि मामले की जानकारी मिलते ही पानी बंद कर दिया गया है। नहर पर मेठ को लगाया गया था। इसकी जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।