हरहुआ (वाराणसी)। क्षेत्र के जमालपुर स्थित संभागीय परिवहन अधिकारी कार्यालय में दलाल किस कदर हावी हैं, यह नजारा शनिवार को देखने को मिला। फर्जी कागजात से वाहन ट्रांसफर न करने पर दलाल ने लिपिक के साथ मारपीट की और पत्रावलियां फाड़ दी। इसके बाद वह जान से मारने की धमकी देते हुए चला गया। घटना से नाराज कर्मचारियों ने अधिकारियों से कार्रवाई की मांग की। पीड़ित लिपिक ने बड़ागांव थाने में आरोपी नागेंद्र वर्मा और दो अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है।
दोपहर में लिपिक सुहेल अहमद के पटल पर दलाल नागेंद्र वर्मा ने फर्जी कागजात के जरिये एक वाहन ट्रांसफर करने का आवेदन दिया। कागजात देखने के बाद लिपिक ने मना कर दिया। दबाव बनाने के बाद भी लिपिक फर्जी तरीके से वाहन ट्रांसफर करने को तैयार नहीं हुआ तो दलाल भड़क गया। आरोप है कि आरोप है कि नागेंद्र वर्मा अपने दो साथियों के साथ कमरे में घुस गया और लिपिक सुहेल के साथ मारपीट करने लगा। इतना ही नहीं, आरोपियों ने वहां रखीं पत्रावलियां भी फाड़ दीं। हंगामा मचने पर कर्मचारी जुटे तो जान से मारने की धमकी देते हुए आरोपी निकल गए। घटना से आक्रोशित कर्मचारियों ने बैठक एआरटीओ प्रशासन अमित राजन राय को मामले की जानकारी दी। साथ ही बैठक कर कार्रवाई की मांग की। बैठक में प्रभात कुमार गोयल, लव कुमार सिंह, गणेश दत्त मिश्र, रघुबर यादव, संजय सिंह और कृपाकर दूबे आदि शामिल थे।