वाराणसी। यूपी बोर्ड की परीक्षा में शुक्रवार को उर्दू व रसायन विज्ञान की परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। पर्यवेक्षक के निरीक्षण के दौरान कई केंद्रों पर अनियमितता पाई गई। कहीं कैमरा बंद मिला तो कहीं छात्र अंधेरे में ही परीक्षा दे रहे थे। पर्यवेक्षकों ने केंद्र व्यवस्थापकों को जल्द व्यवस्था को दुरुस्त करने का निर्देश दिया। इस दौरान दोनों पालियों में 1148 छात्रों ने परीक्षा छोड़ दी। सुबह की पाली में हाई स्कूल उर्दू में 93 और दूसरी पाली की इंटर रसायन विज्ञान में 1065 छात्र अनुपस्थित थे। वहीं सचल दल, मजिस्ट्रेट की जांच में कोई नकलची हाथ नहीं लगा।
शुक्रवार को यूपी बोर्ड की परीक्षा में सीटीई की प्राचार्य सरिता तिवारी के नेतृत्व में परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान सीएमजी इंटर कालेज लोढ़ान में सीसीटीवी एवं वायस रिकॉर्डर बंद मिला। कमरे खाली होने के बाद भी छात्रों को काफी पास पास बैठाया गया था। आदर्श पलही पट्टी इंटर कालेज में बिजली कनेक्शन नहीं होने के कारण छात्र अंधेरे में ही परीक्षा दे रहे थे। सीएम एंग्लो बंगाली इंटर कॉलेज के परीक्षा कक्ष में भी अंधेरा था। प्रकाश की व्यवस्था कराने का निर्देश दिया गया। कटिंग मेमोरियल इंटर कॉलेज में दूसरी पाली की परीक्षा के दौरान कमरे में अंधेरा था और सीसीटीवी भी बंद मिला। वल्लभ विद्यापीठ और हरिश्चंद्र बालिका इंटर कालेज में दीवारों पर लिखे गए नीतिपरक वाक्यों को हटाने का निर्देश दिया गया। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में प्रकाश की समुचित व्यवस्था का निर्देश दिया गया।