वाराणसी। फूलपुर थाना क्षेत्र के फत्तेपुर गांव में घर के अंदर पोछा लगाते समय करेंट की चपेट में आने से एक महिला और उसे बचाने आए वृद्ध की मौत हो गई। घटना शनिवार की सुबह नौ बजे की है।
केशव सिंह उर्फ जोखू दादा (70) के घर में पड़ोस की इंदु देवी (45) झाड़ू-पोछे का काम करती थी। शनिवार की सुबह वो घर की सफाई कर रही थी। किचन में पोछा लगाने के दौरान गीली जमीन में हीटर का करेंट उतर आया। पोछा लगा रही नौकरानी करंट की चपेट में आ गई। उसे छटपटाता देख जोखू दादा उसे बचाने पहुंचे और उसे खींचने का प्रयास किया। जिससे वो भी करेंट की चपेट में आ गए। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। महिला के पति की मौत पहले हो चुकी है। उसकी एक लड़की है जो शादी के बाद अपने ससुराल में रहती है। घटना के समय जोखू दादा के परिवार के लोग पड़ोस में हुई मौत के चलते घाट पर गए थे। फूलपुर इंस्पेक्टर ने बताया कि परिजनों द्वारा पीएम कराने से इनकार करने के चलते पंचनामा भरकर शव की सुपुर्दगी परिजनों को कर दी गई है।