वाराणसी। लंका थानाक्षेत्र में अमानवीयता की हदें पार करने वाला एक मामला प्रकाश में आया है जहां एक बुजुर्ग ने ननिहाल में रह रही आठ वर्षीय मासूम को अपनी हवस का शिकार बनाया। लंका थाना अंतर्गत करौंदी क्षेत्र की एक कॉलोनी में हुई वारदात को लेकर शनिवार को आदित्य नगर निवासी प्रेम पटेल के खिलाफ लंका थाने में दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर पुलिस उसकी तलाश कर रही है। उसके परिजनों को हिरासत में लेकर पूछताछ चल रही है।
लंका थाने पहुंची पीड़िता की मां ने पुलिस को बताया कि वो अपने मायके में रहती है। 31 जनवरी की दोपहर आरोपी प्रेम पटेल उसकी मासूम बच्ची को बहला-फु ससलाकर अपने घर ले गया और दुष्कर्म किया। यह बात मासूम किसी से बता न दे इसके लिए उसे और परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई। वारदात से भयभीत बच्ची किसी को कुछ बता ना सकी। जब वह स्कूल गई तो वहां उसकी तबीयत खराब हुई। जब महिला शिक्षक ने उससे पूछा तो वो फूट फूट कर रोने लगी और सारी आप बीती सुनाई। महिला शिक्षक ने 100 डायल पर फोन करने के साथ ही परिजनों को सूचना दी। तब जाकर वारदात की जानकारी हो पाई। आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया। परिजनों का कहना है कि मेडिकल के दौरान चिकित्सकों ने भी मासूम के साथ जबरदस्ती होने की पुष्टि की है। इस संबंध में भेलूपुर सीओ ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर पीड़िता को मेडिकल मुआयना के लिए भेजा गया है। वहीं आरोपी की खोजबीन के लिए पुलिस टीम लगाई गई है। परिजनों को हिरासत में लेकर पूछताछ चल रही है।