वाराणसी। बीमा सेक्टर पर जीएसटी के विरोध में सोमवार को एलआईसी अभिकर्ताओं ने जुलूस निकाला। भेलूपुर स्थित जलकल मेन गेट से जुलूस के साथ ही भारतीय जीवन बीमा निगम के चेयरमैन की प्रतीकात्मक शवयात्रा भी निकाली गई। जो भेलूपुर चौराहा होते हुए हरिश्चंद्र घाट पहुंची, यहां प्रतीकात्मक शव का अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान बनारस और आसपास के जिलों से आए अभिकर्ताओं ने पांच अक्तूबर से चल रहे धरना-प्रदर्शन, अनशन के बाद भी कोई कार्रवाई न होने पर नाराजगी जाहिर की।
आल इंडिया लाइफ इंश्योरेंस एजेंट्स एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष एसएल ठाकुर के नेतृत्व में निकले जुलूस और शवयात्रा के दौरान अभिकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की। ठाकुर ने कहा कि पांच अक्तूबर से शुरू हुए आंदोलन में अब तक धरना-प्रदर्शन, अनशन, जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, एलआईसी चेयरमैन का सामाजिक बहिष्कार और सामाजिक संगठन, व्यापारिक संगठनों के बीच जागरूकता अभियान चलाया गया। इसके बाद भी न तो जीएसटी को इंश्योरेंस सेंक्टर से वापस लिया गया, न हीं वेतन भोगी कर्मचारियों की तरह अभिकर्ताओं को सुविधाएं दिए जाने, प्रोत्साहन बोनस आदि पर कार्रवाई हुई। चेतावनी दी कि मांगे माने जाने तक आंदोलन चलता रहेगा। इस दौरान राष्ट्रीय सचिव राजकुमार गुप्ता, अरविंद उपाध्याय, त्रिलोकी राम, रमाकांत त्रिपाठी, केके अग्रवाल, रामआसरे प्रसाद, राजेश राठोर आदि मौजूद रहे।