वाराणसी। गंगा सफाई को लेकर जागरूकता फैलाने के लिए पहली महिला पर्वतारोही बछेन्द्री पाल सोमवार को काशी आएंगी। अस्सी घाट पर भव्य स्वागत किया जाएगा। इस दौरान वे 23 से 25 अक्तूबर तक घाटों पर सफाई के अलावा गंगा सफाई के प्रति लोगों को जागरूक करेंगी।
अर्जुन एवं पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित और माउंट एवरेस्ट पर चढ़ने वाली देश की पहली महिला बछेन्द्री पाल समेत 40 सदस्यीय टीम मोटर वोट के जरिए 22 अक्तूबर को वाराणसी अस्सी घाट पहुंचेंगी। मिशन गंगे के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में 23 अक्तूबर को हरिश्चंद्र डिग्री कॉलेज मैदागिन से अस्सी घाट तक प्रभात फेरी निकाली जाएगी। वहीं अस्सी घाट पर प्रात: सफाई अभियान चलाया जायेगा। विभिन्न स्कूलों में स्वच्छता संवाद के कार्यक्रम आयोजित होंगे। सायंकाल अस्सी घाट पर स्वच्छता संवाद व गंगा आरती का आयोजन होगा। 24 अक्तूबर को श्री काशी विश्वनाथ द्वार से दशाश्वमेध घाट तक श्रमदान का आयोजन होगा। डॉ सम्पूर्णानन्द स्पोर्ट्स स्टेडियम में खिलाड़ियों के साथ स्वच्छता संवाद आयोजित किया जाएगा। सायंकाल दशाश्वमेध घाट पर पुलिस एवं पीएसी के दिवंगत जवानों की स्मृति में आकाश दीप जलाए जायेंगे। 25 अक्तूबर को राजघाट पर सफाई अभियान चलाकर संवाद और नुक्कड़ नाटक में भाग लेंगी। नमामि गंगे के संयोजक राजेश शुक्ला ने बताया कि उनके तीन दिवसीय कार्यक्रम की रूप रेखा तैयार कर ली गई है। इसको लेकर डीएम सुरेन्द्र सिंह और डीएफओ मनोज खरे ने बैठक कर पूरे कार्यक्रम का आयोजित करने की तैयारी पूरी कर ली है।