ज्ञानपुर। यातायात सुरक्षा पखवारा के तहत बुधवार को पुलिस और यातायात विभाग ने जिले में व्यापक चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान दो पहिया और चार पहिया वाहनों की जांच कर चालान किया गया और काली फिल्में उतरवाई गईं। साथ ही कई वाहनों पर रेडियम की पट्टी लगाकर चालकों को यातायात नियमों का पालन करने की नसीहत दी गई।
यातायात पखवारा महज चालान तक सिमट कर रह गया है। न तो युवाओं, किशोरों और आमजन को जागरूक किया जा रहा, न अतिक्रमण के खिलाफ कोई कार्रवाई की जा रही। सिर्फ चालान और वसूली का खेल चल रहा है। बुधवार को खबर अमर उजाला में इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया, इसके बाद भी यातायात पुलिस की कारस्तानी जारी रही। बुधवार को भी सिर्फ चालान और वसूली का खेल चला। ज्ञानपुर नगर की दुर्गागंज त्रिमुहानी पर सुबह 10 बजे से यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों की धरपकड़ शुरू हो गई। औराई सीओ रामकरन की अगुवाई में सिविल पुलिस और यातायात पुलिस के जवानों ने वाहनों को रोक कर चेक किया। इस दौरान 32 वाहनों का चालान किया गया और 5200 जुर्माना वसूल किया गया। सात गाड़ियों की काली फिल्म उतरवाई और 45 वाहनों पर रेडियम की पट्टी लगाई। साथ ही बाइक सवारों को हेलमेट लगाकर चलने और कार चालकों को सीट बेल्ट का इस्तेमाल करने को कहा गया। यातायात पुलिस की अगुवाई कर रहे टीएसआई जय प्रकाश यादव ने कहा कि यातायात पखवारा से जुड़े पंफलेट बांटकर वाहन चालकों को जागरूक किया गया। पुलिस ने सड़क पर चलते समय यातायात नियमों का पूरा पालन करने की हिदायत दी। सीओ ने कहा कि सुरक्षित यातायात आम जन के हित में है। इसके प्रति सभी को सजग रहना चाहिए। आगे भी यह अभियान चलाया जाता रहेगा।