ज्ञानपुर/भदोही। एससी-एसटी एक्ट में तुरंत गिरफ्तारी पर रोक संबंधी सुप्रीम कोर्ट के फैसले के पक्ष में मंगलवार को आयोजित भारत बंद का जिले में कोई असर नहीं रहा। नगरों और बाजारों की दुकानें खुलीं और सामान्य दिनों की तरह कामकाज हुआ। न तो कहीं विरोध-प्रदर्शन हुआ न जुलूस निकाले गए। तमाम लोगों को तो भारत बंद की जानकारी भी नहीं थी।
ज्ञानपुर नगर के अलावा गोपीगंज, औराई, महाराजगंज, बाबूसराय, सुरियावां, जंगीगंज, दुर्गागंज, चौरी आदि बाजारों में बंद का कोई असर नहीं रहा। आरक्षण के समर्थन में विपक्ष के भारत बंद का भदोही नगर और नई बाजार में कोई असर नहीं रहा। यहां तक की शहरवासियों को इस बंद की जानकारी तक नहीं थी। दिन भर सामान्य रूप से बाजार और दुकानें खुली रहीं। बाजार में चहल पहल और आवाजाही भी सामान्य रही। नगर के कटरा बाजार, टेशन रोड, निर्यात भवन, ज्ञानपुर रोड, चौरी रोड, औराई रोड के अलावा नई बाजार के स्वामी विवेकानंद चौराहा, इंदिरा मिल चौराहा आदि शहर के मुख्य बाजार लगते हैं। यहां भारत बंद के बारे में ना तो प्रचारित किया गया ना ही कोई संगठन बंद के समर्थन में सामने आया। सुबह से लेकर शाम तक सबकुछ सामान्य रहा और दुकानें रोज की तरह खुली रहीं। बंद के समर्थन में कोई कार्यक्रम भी नहीं हुआ।