हरहुआ। एनएच-56 पर काम करने वाली कंस्ट्रक्शन कंपनी के कर्मचारी को सोमवार की शाम पांच बजे सातोमहुआ के पास नशीला पदार्थ सुंघाकर जहरखुरान उसे उठा ले गए। उसके पास बैग में रखे पांच लाख रुपये लूटने के बाद बेहोशी की हालत में मुगलसराय के पास फेंककर भाग निकले। होश में आने पर कर्मचारी ने रात में कंपनी को तथा पांच बजे भोर में स्थानीय थाने पर घटना की सूचना दी। भुक्तभोगी ने चार अज्ञात लूटेरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गायत्री प्रोजेक्ट लिमिटेड कंस्ट्रक्शन कंपनी एन-एच 56 पर वाराणसी से जौनपुर के बीच सड़क निर्माण का कार्य करा रही है। कंपनी में कार्यरत संतोष जौनपुर कार्यालय से सोमवार की दोपहर तीन बजे बैग में पांच लाख रुपये लेकर रोडवेज बस में सवार होकर बड़ागांव थानाक्षेत्र के सेहमलपुर (सातोमहुआ) स्थित कार्यालय जा रहा था। कार्यालय के पास लगभग शाम साढ़े पांच बजे बस से उतरते ही जहरखुरानों ने उसे नशीला पदार्थ सुंघा दिया और बैग के साथ उसे अज्ञात वाहन से लेकर भाग निकले तथा उसके पास का पांच लाख रुपये लेने के बाद बेहोशी की हालत में मुगलसराय के पास फेंककर भाग निकलेे।